हनुमान: न्याय का पहला योद्धा — जब बजरंगबली गदा लेकर सिरहाने खड़े हो गए!
"जन्मोत्सव के बाद की रात: जब हनुमान जी स्वयं आ गए न्याय का पाठ पढ़ाने"
कल रात जैसे ही मैं सोया, अचानक चारों ओर एक शोर-सा सुनाई देने लगा। आँख खुली तो देखा —
बजरंगबली स्वयं गदा लेकर मेरे सिरहाने खड़े हैं!
मैं घबरा गया। हाथ जोड़कर काँपते हुए खड़ा हो गया और कहा,
“प्रभु! मुझसे कोई भूल हो गई क्या?”
हनुमान जी बोले,
“भूल नहीं, ‘महाभूल’ हो गई। कल मेरा जन्मदिवस था, तूने पूजा भी की, जयकारा भी लगाया, लेकिन मेरे असली रूप — न्याय के रक्षक — की बात न की। तू तो वकील है, क्यों छिपा लिया मेरी और कानून की वह कहानी, जो आज के भारत को सुननी चाहिए?”
मैं स्तब्ध था। और तभी उन्होंने कहा —
“आज नहीं, तो कल सही। अपने भक्तों को मेरी वह कहानी सुना, जो बताती है कि मैं केवल भक्तों के संकट हरने वाला नहीं, बल्कि अधर्म और अन्याय को समाप्त करने वाला न्याय का पहला प्रहरी भी हूँ।”
**
हनुमान — केवल राम भक्त नहीं, बल्कि न्याय के पहले योद्धा।
जब न कोई अदालत थी, न कोई वकील, न कोई संविधान — तब हनुमान ही थे जो
अबला सीता की रक्षा के लिए लंका की सीमाएं पार करते हैं
बिना तलवार उठाए, पहले वार्ता करते हैं
और जब रावण झूठ और अहंकार से अड़ा रहता है, तो लंका जलाकर वह एक कानूनी संदेश छोड़ जाते हैं —
कि सत्ता यदि अन्याय करे, तो उसका दंड सार्वजनिक होगा।
हनुमान जी का यह कार्य कोई बदले की भावना नहीं, बल्कि आज की भाषा में कहें तो यह एक प्रतीकात्मक विधिक उत्तरदायित्व था।
उन्होंने रावण को सुधारने का अवसर दिया — “तू सीता को लौटा दे, मैं चला जाऊँगा।”
पर जब कोई सुधार की भाषा नहीं समझे, तो हनुमान उस समय के पहले 'पब्लिक इंटरेस्ट लिटिगेशन' बनकर आते हैं —
“मैं न्याय के लिए आया हूँ, और अब न्याय होकर रहेगा।”
**
आज भी जब देश में महिलाएं असुरक्षित हैं,
कानून की भाषा अमीरों की जागीर बन गई है,
और चुप्पी सबसे बड़ा अपराध बन गई है —
तो हनुमान हमें सिखाते हैं —
बोलो, लड़ो, और निर्बलों की रक्षा करो।
**
हनुमान जन्मोत्सव केवल भक्तिभाव का दिन नहीं,
यह दिन है न्याय की प्रेरणा का,
सत्ता से सवाल करने का,
और अपने भीतर के हनुमान को जगाने का।
**
तो आइए, अब संकल्प लें —
हम सिर्फ पूजा नहीं करेंगे,
हम हनुमान की तरह धर्म और कानून के सैनिक बनेंगे।
हम आज के रावण — भ्रष्टाचार, अत्याचार, और दमन — से लड़ेंगे।
हम न्याय के लिए उठेंगे। बोलेंगे। और आगे बढ़ेंगे।
**
जय बजरंगबली! जय न्याय! जय धर्म!




